
नयी दिल्ली, 14 अगस्त (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन 16 और 17 अगस्त को तमिलनाडु के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह चेन्नई, चेंगलपट्टू, तिरुवरूर और तंजावुर में कई शैक्षणिक और साहित्यिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उप राष्ट्रपति सचिवालय ने शुक्रवार को बताया कि उप राष्ट्रपति रविवार को चेंगलपट्टू के कट्टनकुलथुर में एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के 22वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
वह चेन्नई के टी. नगर स्थित वाणी महल में नागालैंड, मणिपुर और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल ला. गणेशन की पहली पुण्यतिथि के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसके बाद श्री राधाकृष्णन चेन्नई के डी.जी. वैष्णव कॉलेज ऑडिटोरियम में ‘इकोज़ ऑफ़ ए नेशनलिस्ट माइंड’ पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह पुस्तक धार्मिक और सामाजिक संगठन हिन्दू मुन्नानी के संस्थापक दिवंगत के. रामागोपालन के विचारों और लेखों पर आधारित है। सोमवार को उपराष्ट्रपति तिरुवरूर में तमिलनाडु केंद्रीय विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वह तंजावुर में एक मानद विश्वविद्यालय के रजत जयंती समापन समारोह में भाग लेंगे।
