राजनाथ ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले जवानों के साथ बातचीत की

नयी दिल्ली 14 अगस्त (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हाल ही में संपन्न राष्ट्रमंडल खेलों में 16 पदक (08 स्वर्ण, 07 रजत और 01 कांस्य) जीतने वाली सेना की टीम के सदस्यों से बातचीत की। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि इन खेलों में भारत ने कुल 39 पदक जीते हैं जिनमें से 18 पदक ( 16 सेना और दो नौसेना) भारतीय रक्षा बलों के जवानों ने जीते हैं।

रक्षा मंत्री ने शारीरिक और मानसिक दबाव से उबरकर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन में देश का गौरव बढ़ाने के लिए भारतीय रक्षा बलों की मजबूत इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प की सराहना की। इस उपलब्धि को “असाधारण” बताते हुए उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ी लोगों, खासकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं, क्योंकि वे “एक सैनिक और एक चैंपियन का बेहतरीन मेल” हैं। मुक्केबाजी में छह स्वर्ण में से चार महिला मुक्केबाजों द्वारा जीते जाने पर श्री सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि भारत की बढ़ती ‘नारी शक्ति’ का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि और अधिक लड़कियों के खेल अपनाने और रक्षा बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगी। श्री सिंह ने कहा कि देश के हर कोने से भारतीय चैंपियन उभर रहे हैं। उन्होंने एशियाई खेलों और ओलंपिक जैसे आगामी आयोजनों के लिए एथलीटों को शुभकामनाएं दीं। जनरल सेठ ने भी जवानों को उनके शानदार प्रदर्शन तथा उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।

.....

Next Post

मल्लिकार्जुन खरगे के कथित अपमान के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

Fri Aug 14 , 2026
पांढुरना। कांग्रेसियों ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कथित अपमान के विरोध में शुक्रवार को विरोध रैली निकाली। कांग्रेस का आरोप है कि उत्तराखंड के हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद कुछ लोगों ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शुद्धिकरण और हवन किया। […]

You May Like