
पानसेमल। मध्यप्रदेश महाराष्ट्र सीमा के निकट वर्षों से स्थापित श्री दुर्गा खंडसारी शुगर मिल्स (मेंद्राना) द्वारा किसान परिवारों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को 9 वर्षों से प्रोत्साहन एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जा रहा है।खांडसारी के संचालक एवं समाजसेवी नितिन दादा गोयल ने जानकारी दी कि खांडसारी में आसपास क्षेत्र के किसान वर्षों से गन्ना सप्लाई कर रहे हैं जो हमारे परिवार के सदस्य हैं ।कृषि कार्य करते हुए अक्सर किसान परिवार बेटा बेटियों के लिए शिक्षा से जुड़े उच्च संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते हैं,संस्था द्वारा एक प्रयास स्वरूप होनहार विद्यार्थियों को अपनी उच्च शिक्षा प्राप्त करने हेतु प्रोत्साहन देने का नियोजन किया गया है जो पिछले 9 वर्षों से जारी है।दुर्गा शुगर मिल्स संस्थापक कैलाश दादा गोयल द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओ में 80% से 89% के बीच अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹11,000 एवं 90% या उससे ज़्यादा अंक पाने वालों को ₹21,000 राशि प्रोत्साहन स्वरूप दी गई। इसके अलावा,मेडिकल कॉलेज में एडमिशन हेतु ₹51,000 और प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।
संस्था के वरिष्ठ कर्मचारी नरोत्तम पटेल ने बताया कि कुछ अपरिहार्य कारणों से,वर्ष 2023-24 सीज़न के लिए जिन विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि नहीं दी गई उन किसान परिवारों को घर जाकर प्रोत्साहन राशि देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस दौरान श्री दुर्गा शुगर मिल्स संस्थापक कैलाशचंद्र गोयल, हेमचंदजी गोयल,शुभम गोयल द्वारा बच्चों को निरंतर परिवार व क्षेत्र का गौरव बढ़ाने हेतु प्रोत्साहित किया।संस्था के एग्रीकल्चर ऑफिसर के.जी. मराठे,गन्ना विकास अधिकारी राजेंद्र वानखेड़े,कौशल अहिरराव,अरविंद वर्मा, नरोत्तम पटेल सहित संबंधित ग्रुप लीडर शामिल रहे।इस वर्ष 29 विद्यार्थियों को ₹11,000 एवं 6 विद्यार्थियों को ₹21,000 की प्रोत्साहन राशि तथा 2 मेडिकल छात्रों को ₹51,000 राशि तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान दिए गए।किसानो द्वारा संस्था की इस पहल को प्रेरणादायी बताया एवं संस्थापकों का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रोत्साहन राशि से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी वही बच्चों को प्रोत्साहन मिलेगा।
