
छिंदवाड़ा। जिले में औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और दवाओं के अवैध व अनियमित विक्रय पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मेडिकल स्टोर्स का नियमित और औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में औषधि निरीक्षक ने मोहखेड़ और हर्रई तहसील क्षेत्र में संचालित दवा दुकानों की जांच की गई। 06 अगस्त को मोहखेड़ तहसील के ग्राम हीरावाड़ी और मेनीखापा में विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान दवाओं के भंडारण, विक्रय व्यवस्था, औषधि अनुज्ञप्ति, आवश्यक अभिलेख सहित अन्य वैधानिक प्रावधानों की जांच की गई। ग्राम हीरावाड़ी की एक दवा दुकान से औषधि का नमूना नियमानुसार संकलित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके निष्कर्ष के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में मिली अनियमितताओं के संबंध में संबंधित संचालकों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए हैं।
जवाब और अभिलेखों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी। गुरुवार को हर्रई तहसील में भी मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। यहां वैध अनुज्ञप्ति, पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपलब्धता, दवाओं के उचित भंडारण तथा क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेखों की जांच की गई। विक्रेताओं को नियमों के अनुरूप दुकान संचालन और अभिलेख संधारण के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवा दुकानों की जांच, नमूना संकलन और नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
