जबलपुर: खाद वितरण व्यवस्था को लेकर जबलपुर की कृषि उपज मंडी में स्थित मध्यप्रदेश राज्य विपणन सहकारी समिति केंद्र पर शुक्रवार सुबह से ही किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज से आए किसान सुबह तड़के से ही कतारों में खड़े नजर आए। समिति प्रबंधकों द्वारा टोकन के माध्यम से खाद वितरित कर रहे थे। जिसको लेने के लिए भी किसानों में गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
किसानों ने बताया कि उन्हें सुबह 5-6 बजे से ही लाइन में लगना पड़ा, ताकि खाद मिल सके। भीड़ और अव्यवस्था के चलते कई स्थानों पर धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हुई। समिति के अधिकारियों ने बताया कि टोकन प्रणाली से ही सभी को खाद दे रहे हैं, ताकि वितरण में पारदर्शिता बनी रहे और कोई अव्यवस्था न फैले। अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में खाद की और खेप आने की संभावना है, जिससे सभी किसानों को जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जा सकेगी।
