भारी वाहनों की मनमानी पर प्रशासन सख्त

सिंगरौली। कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार, चालकों की लापरवाही और बेतरतीब पार्किंग अब प्रशासन के निशाने पर है। लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और यातायात अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने ट्रांसपोर्टरों तथा खदान प्रबंधन को जवाबदेही का एहसास कराना शुरू कर दिया है।

इसी कड़ी में आज शुक्रवार की शाम कलेक्टर अंकित अस्थाना एवं एसपी शियाज केएम के निर्देश पर मोरवा एसडीओपी अमित कुमार ने थाना परिसर में ट्रांसपोर्टरों, ओबी कंपनियों के प्रतिनिधियों और खदान प्रबंधन के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें भारी वाहनों के सुरक्षित संचालन, गति नियंत्रण, पार्किंग और चालकों की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। बैठक में एसडीओपी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन और शराब के नशे में वाहन चलाना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं के पीछे चालक की लापरवाही प्रमुख कारण बनती है। ऐसे में केवल निर्देश जारी करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि परिवहन कंपनियों को अपने स्तर पर भी निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी। बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।

चालको के स्वास्थ्य की भी होगी जांच

चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए निर्धारित स्थानों पर विशेष अभियान चलाने तथा नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। इन शिविरों में चालकों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा, ताकि लंबे समय तक वाहन चलाने से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान हो सके। बैठक में भारी वाहनों की पार्किंग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। ट्रांसपोर्टरों ने बताया कि जिले में ट्रकों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल नहीं होने से चालक सड़क किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर हैं। विशेषकर रेलवे स्टेशन के आसपास भारी वाहनों के जमावड़े से आए दिन जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने पार्किंग के लिए शासकीय भूमि चिह्नित करने की मांग रखी। साथ ही स्टेशन के समीप शासकीय भूमि पर बनी दुकानों के अतिक्रमण को पीछे हटाने का सुझाव दिया, जिससे यातायात सुगम हो सके।

हादसों के लिए वाहन मालिक भी जिम्मेदार 

भारी वाहनों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए एस्सार और हिंडाल्को में लागू कन्वॉय व्यवस्था को भी बैठक में बेहतर विकल्प बताया गया। एसडीओपी ने अन्य कंपनियों में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू करने पर विचार करने की बात कही। उनका मानना है कि समूहबद्ध तरीके से वाहनों का संचालन और गति पर नियंत्रण दुर्घटनाओं की आशंका कम कर सकता है। एसडीओपी अमित कुमार ने ट्रांसपोर्टरों को आगाह किया कि लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं में केवल चालक ही नहीं, बल्कि वाहन मालिकों की जिम्मेदारी भी तय हो सकती है। कानूनी प्रावधानों के तहत वाहन भी कार्रवाई की जद में आ सकते हैं। बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन कारोबारियों और खदान प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

Next Post

हाड़ कंपाती ठंड में मजदूरों का सहारा बनेगी योगी सरकार

Fri Nov 27 , 2026
गोरखपुर, 27 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर निर्माण श्रमिकों को हाड़ कंपाने वाली ठंड में राहत देने के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना के अंतर्गत 18 महानगरों में एक दिसंबर से निशुल्क अस्थायी लेबर अड्डे खोले जाएंगे। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार […]

You May Like

मनोरंजन