ग्वालियर: समाज को जोड़ने और पारिवारिक-सामाजिक संवाद को सशक्त करने के उद्देश्य से सकल ब्राह्मण महासमिति द्वारा आज रविवार, 18 जनवरी को ब्राह्मण मिलनोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सनातन धर्म मंदिर स्थित चक्रधर सभागार में दोपहर से प्रारंभ होगा। मिलनोत्सव के दौरान समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा, जिससे पारिवारिक स्तर पर सार्थक संवाद और रिश्तों की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा सके।
इसके साथ ही चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित कर उनके सेवा कार्यों को समाज के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल परिचय या सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में एकजुटता, संवाद और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का प्रयास है। कार्यक्रम में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन के शामिल होने की संभावना है।
