रेखा गुप्ता ने मेट्रो फेज-4 के कार्यों का किया औचक निरीक्षण, समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि आर. के. आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन को एक महत्वपूर्ण इंटरचेंज हब के रूप में विकसित किया जा रहा है जहां वर्तमान में संचालित ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन के बीच कनेक्टिविटी स्थापित होगी।

श्रीमती गुप्ता ने शनिवार को मेट्रो फेज-4 के अंतर्गत आर. के. आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया और डीएमआरसी द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और समय-सीमा के पालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आर. के. आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन को एक महत्वपूर्ण इंटरचेंज हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां वर्तमान में संचालित ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन के बीच कनेक्टिविटी स्थापित होगी। यह स्टेशन जनकपुरी वेस्ट से आर. के. आश्रम मार्ग तक विस्तारित 28.92 किलोमीटर लंबे लाइन-8 कॉरिडोर का एक प्रमुख केंद्र होगा।

उन्होंने बताया कि फेज-4 कॉरिडोर के अंतर्गत जनकपुरी वेस्ट से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक के हिस्से पहले ही यात्रियों के लिए खोले जा चुके हैं, जबकि शेष हिस्सों पर निर्माण कार्य तेजी से जारी है। यह कॉरिडोर पश्चिम, उत्तर और मध्य दिल्ली के घनी आबादी वाले आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों से होकर गुजरेगा, जिससे यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव घटेगा और प्रदूषण में भी महत्वपूर्ण कमी होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना का एक बड़ा हिस्सा बेहद जटिल कॉन्ट्रैक्ट पैकेज के अंतर्गत आता है, जिसमें लगभग 7 किलोमीटर लंबे ट्विन टनल और छह प्रमुख अंडरग्राउंड स्टेशनों जैसे डेरावल नगर, घंटाघर, पुलबंगश, सदर बाजार, नबी करीम और आर. के. आश्रम मार्ग का डिजाइन और निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना में किए जा रहे इंजीनियरिंग कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सदर बाजार जैसे जटिल क्षेत्रों में भूमिगत स्टेशन का निर्माण, सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन के पास सक्रिय रेलवे लाइन, रानी झांसी फ्लाईओवर और रेड लाइन मेट्रो कॉरिडोर के नीचे सफलतापूर्वक टनल बोरिंग जैसे कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इस विस्तार में 9.91 किलोमीटर का आर. के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ खंड और 11.9 किलोमीटर का इंद्रप्रस्थ से इंद्रलोक खंड शामिल होगा। सभी चरणों के पूरा होने के बाद, बोटैनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 88.4 किलोमीटर हो जाएगी, जिसमें 65 स्टेशन शामिल होंगे। यह ड्राइवरलेस मैजेंटा लाइन को दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का सबसे लंबा कॉरिडोर बना देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की बढ़ती आबादी और यातायात की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक और सुदृढ़ कनेक्टिविटी का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्धारित समयसीमा में इस परियोजना के पूर्ण होने से दिल्लीवासियों को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा तथा यह ‘विकसित दिल्ली’ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

Next Post

मंत्रिमंडल की पीएमजीएसवाई-तृतीय दो साल बढ़ा, 83,977 करोड़ रुपये का परिव्यय मंजूर

Sat Apr 18 , 2026
नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (वार्ता)। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना(पीएमजीएसवाई)-तृतीय को मार्च 2028 तक जारी रखने को मंजूरी दी है। सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय की प्रस्ताव को […]

You May Like