छतरपुर: जिले के सटई थाना क्षेत्र के ग्राम रगोली में जमीनी विवाद के चलते एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। दुकान पर सेविंग कराने गए युवक पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार रक्षपाल यादव (26 वर्ष) पिता साहब सिंह यादव, निवासी ग्राम छापर, सुबह करीब 10 बजे रगोली में एक दुकान पर सेविंग कराने पहुंचे थे। इसी दौरान पुराने जमीनी विवाद को लेकर चार लोगों—राकेश सिंह, संजय यादव, अनुरुद्ध सिंह और जितेंद्र यादव—ने उनके साथ कहासुनी शुरू कर दी।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने रॉड, सरिया और डंडों से रक्षपाल यादव पर हमला कर दिया। मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद को ही घटना का कारण माना जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
