
छिंदवाड़ा। शहर और आस पास के इलाकों में अचानक मौसम ने करवट ली है। आज शाम करीब 4 बजे से तेज हवा और आंधी-तूफान का दौर शुरू हो गया और रात 9 बजे तक चलता रहा जिससे शहर और आसपास के इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर दर्जनों पेड़ गिर गए, जिससे सड़कों पर आवागमन बाधित हुआ। वहीं बिजली के खंभे और तार प्रभावित होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई है। घंटो पूरे शहर की बिजली बंद रही। तेज हवाएं चलने से कुछ मकानों में लगी छत उडं गई वहीं कुछ दुकानों के टीन शेट भी उड़ गए। हालांकि, इस तेज आंधी और हवाओं के कारण भीषण गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी के बाद मौसम का यह बदलाव लोगों के लिए राहत भरा साबित हुआ। प्रशासन और बिजली विभाग की टीमें नुकसान का आकलन करने और आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई हैं। नागरिकों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
छत से पानी की टंकी गिरने से एक की मौत ०००००
शहर में आज आंधी तूफान के चलते शनिचरा बाजार क्षेत्र में डॉक्टर बिंद्रा अस्पताल के पास छत पर रखी के 5000 लीटर की पानी की टंकी गिरने से मजदूर की मौत हो गई। कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेन्द्र भगत ने बताया कि पातालेश्वर निवासी आशीष पिता तेज लाल यादव भवन निर्माण का कार्य कर रहा था। इस दौरान बगल वाले भवन के ऊपर 5000 लीटर की टंकी खाली रखी हुई थी। तेज हवा चलने से टंकी नीचे गिर गई जिससे मजदूरी का काम कर रहा आशीष यादव उस टंकी की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कुछ क्षेत्र में नही आई बिजली
बता दे कि तेज हवाएं चलने से शहर के परासिया रोड़ एसएएफ कॉलोनी, नोनिया करबल, मोती नगर, कामठी विहार, अंबेडकर नगर सहित शहर के कई क्षेत्रों में पेड़ टूटकर गिरने से विद्युत तार टूट गए. विद्युत कर्मियों ने कुछ क्षेत्रों में काम कर बिजली चालू कर दी लेकिन कई क्षेत्रों में रात भर बिजली बंद रही।
आंधी-तूफान से जल आपूर्ति प्रभावित ०००००००००
शहर में आए तेज आंधी-तूफान के कारण जल आपूर्ति प्रभावित हो गई है। नगर निगम की जल प्रदाय शाखा के अंतर्गत संचालित धर्म टेकड़ी एवं भरतदेव स्थित जल शोधन संयंत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने से यह स्थिति बनी है। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण दोनों संयंत्रों में जल शोधन एवं वितरण कार्य प्रभावित हुआ है, जिसके चलते शहर के कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकेगी।
