
सीधी। जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र के हौदाबाध गांव में शनिवार दोपहर आंधी के कारण बिजली का खंभा गिरने से एक 28 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक अपने घर से किसी काम से बाहर जा रहा था, तभी हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12 बजे जब तेज आंधी आई, तो गांव में पहले से झुका हुआ एक जर्जर बिजली का पोल अचानक कमलेश पटेल के ऊपर गिर गया। पोल सीधे उनके सिर और पीठ पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। कमलेश के चाचा छठी लाल पटेल ने बताया कि वह अपने परिवार में अकेला कमाने वाला सदस्य था। उसके जाने से परिवार के सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है। साथ ही ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गांव में कई पोल जर्जर स्थिति में हैं, जिन्हें तुरंत ठीक किया जाना चाहिए ताकि फिर कोई ऐसी घटना न हो।
इनका कहना है-
अस्पताल की सूचना पर मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद आगे की जांच होगी।
राकेश बैस , थाना प्रभारी अमिलिया
