इंदौर: आजाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मूसाखेड़ी इलाके में पुराने विवाद को लेकर युवक और उसके दोस्त पर जानलेवा हमला कर दिया. आलोक नगर में रहने वाले सन्नी निमोरे अपने दोस्त सागर गोयल को बाइक से छोड़ने इदरीश नगर पहुंचे थे. गली नंबर 19 में ‘लाला’ के घर के पास पहले से घात लगाए बैठे गोविंद और अरविंद अराठे ने रास्ता रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी.
विरोध करने पर दोनों भाइयों ने डंडों, लात-घूंसों से सन्नी पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने आए सागर गोयल को भी बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए. पुलिस ने सन्नी की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.
