कॉलोनी के गेट पर आधी रात हेलमेट पहने बदमाश ने किए छह फायर, गार्ड दौड़ा तो भागा

इंदौर. गांधी नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बदमाश ने पिस्टल से छह राउंड फायर कर सनसनी फैला दी. हेलमेट पहने बदमाश ने गोधा एस्टेट कॉलोनी के गेट पर पहुंचकर एक के बाद एक छह गोलियां चलाईं. गोलियों की आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात गार्ड उसकी तरफ दौड़ा तो बदमाश मौके से भाग निकला. पुलिस को घटनास्थल से छह खाली खोखे मिले हैं. वारदात के पीछे कॉलोनी के बिल्डर को डराने या धमकाने की आशंका से भी जांच की जा रही है.

घटना बुधवार रात करीब 12 बजे की है. गोधा एस्टेट कॉलोनी के गेट पर गार्ड बुद्धदेव सेन ड्यूटी कर रहे थे. इसी दौरान हेलमेट पहने एक युवक वहां पहुंचा और पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी. अचानक गोलियां चलने से इलाके में हड़कंप मच गया. गार्ड ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश को पकड़ने के लिए दौड़ लगाई, लेकिन वह भाग निकला. इसके बाद गार्ड ने सिक्योरिटी इंचार्ज प्रमोद पटेल को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और छह खाली कारतूस के खोखे बरामद किए. सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत पर गांधी नगर पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस कॉलोनी और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. बदमाश की पहचान और फायरिंग के पीछे की वजह पता की जा रही है. बिल्डर को डराने के एंगल के साथ अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है.

Next Post

अवंतिका यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने किया होलकर कॉलेज का शैक्षणिक भ्रमण

Thu Nov 19 , 2026
इंदौर. अवंतिका यूनिवर्सिटी उज्जैन के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने होलकर विज्ञान महाविद्यालय के विभिन्न विभागों का शैक्षणिक भ्रमण किया. इस दौरान विद्यार्थियों ने बीज तकनीकी, मत्स्य और उद्यानिकी विभाग की गतिविधियों और तकनीकों की जानकारी प्राप्त की. बीज तकनीकी विभाग में विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों और उनके […]

You May Like