ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में कल मप्र में बंद रहेंगे मेडिकल स्टोर

भोपाल। मध्यप्रदेश में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को दवा दुकानों की हड़ताल रहेगी। राजधानी भोपाल में तीन हजार से अधिक मेडिकल स्टोर बंद रहने की संभावना है। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर यह बंद आयोजित किया जा रहा है।

भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र धाकड़ ने बताया कि जिले के सभी रिटेल और थोक दवा व्यवसायी इस बंद का समर्थन करेंगे और 20 मई को अपनी दुकानें बंद रखेंगे। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री का मुद्दा सीधे आम लोगों की सेहत से जुड़ा है और घर-घर पहुंच रही दवाओं की गुणवत्ता तथा निगरानी को लेकर अभी स्पष्ट व्यवस्था नहीं है।

उन्होंने आशंका जताई कि ऑनलाइन दवा व्यापार की आड़ में नकली, एक्सपायरी और गलत दवाओं के वितरण की संभावनाएं बढ़ रही हैं, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

एसोसिएशन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 20 मई से पहले अपनी नियमित उपयोग की आवश्यक दवाओं का संग्रह कर लें, ताकि बंद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विशेष रूप से हृदय रोग, शुगर और रक्तचाप से पीड़ित मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हालांकि अस्पताल परिसरों में संचालित मेडिकल स्टोर्स को इस बंद से मुक्त रखा गया है, ताकि भर्ती मरीजों और आपातकालीन सेवाओं पर असर न पड़े। दवा व्यवसायियों की प्रमुख मांगों में ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण, कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट पर रोक तथा नकली और बिना निगरानी वाली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई शामिल है।

Next Post

दीवार में सेंध लगाकर लाखों के जेवर व नकदी पर हाथ साफ, कोहराखोह गांव में सनसनी

Tue May 19 , 2026
सिंगरौली/देवसर जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोहराखोह में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए दीवार में सेंध लगाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर […]

You May Like