शिलांग, (वार्ता) मेघालय की राजधानी शिलांग में खासी छात्रसंघ (केएसयू) की हिंसक रैली के दो दिन बाद भी तनाव बना हुआ है और राज्य में कड़ी सुरक्षा के बावजूद आगजनी करने वाले पेट्रोल बमों से सरकारी संपत्तियों को निशाना बना रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार तड़के दो नकाबपोश लोगों ने लोअर लाचुमियर में एक घर पर पेट्रोल बम फेंके, जो पहले सत्ताधारी नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) के कार्यालय के तौर पर इस्तेमाल होता था। उन्होंने बताया कि हालांकि बम फटे नहीं।
राज्य की फ़ोरेंसिक क्राइम सीन यूनिट और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने एनपीपी कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जगह से सबूत इकट्ठा किये हैं और मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि उपद्रवियों ने शुक्रवार तड़के मदनर्टिंग थाना परिसर को पेट्रोल बम से निशाना बनाया। गुरुवार रात नोंगमिन्सोंग पुलिस चौकी पर हमले के बाद यह दूसरा थाना है जिसे निशाना बनाया गया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह मल्की, नोंगशिलियांग में एक अंदरूनी सड़क पर खड़ी मोटरसाइकिल को उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। शक है कि यह मोटरसाइकिल मेघालय पुलिस विभाग की थी। पुलिस ने बताया कि गुरुवार रात नोंगस्टोइन में भी दो सरकारी गाड़ियों में आग लगा दी गयी थी। साथ ही मावखलम, नोंगपिंडेंग में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीक्षण अभियंता और पश्चिम खासी हिल्स जिले में मावशिनरुट सिविल सब-डिविजन के अनुमंडल अधिकारी के कार्यालयों पर भी पेट्रोल बम फेंके गये। पुलिस ने बताया कि पश्चिमी जयंतिया हिल्स जिले के मुकिम्फद, मिहमिंटडू में भी एक गाड़ी में आग लगा दी गयी।
उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन टिनसोंग ने मारपीट और तोड़फोड़ में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया और कहा कि मेघालय में मेघालय सार्वजनिक व्यवस्था रखरखाव (एमएमपीओ) अधिनियम अब लागू है। केएसयू रैली के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई के लिए एमएमपीओ अधिनियम लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने हिंसा के मुद्दे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से बात की है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्य स्थिति को सामान्य बनाने और अपने लोगों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को सुरक्षित रखने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए हैं। श्री संगमा ने कहा, “हम स्थिति को सामान्य बनाने के लिए हमेशा की तरह मिलकर काम करने पर सहमत हुए हैं। दोनों राज्यों के संबंधित कैबिनेट मंत्री बातचीत को आगे बढ़ाने और शांति, विश्वास और सामान्य स्थिति बहाल करने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए बैठक करेंगे।”
