
छिंदवाड़ा। शहर में आगामी दिनों में संभावित जल संकट से निपटने तथा जलप्रदाय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को नगर निगम में एक महत्वपूर्ण आपात बैठक आयोजित की गई। महापौर विक्रम अहके की अध्यक्षता में उनके कक्ष में संपन्न हुई इस विशेष समीक्षा बैठक में नगर निगम आयुक्त चंद्र प्रकाश राय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कम वर्षा की स्थिति में शहरवासियों को पेयजल किल्लत से बचाने और निर्बाध जलापूर्ति बनाए रखने हेतु विभिन्न तकनीकी व व्यावहारिक बिंदुओं पर गहन मंथन किया गया। समीक्षा के दौरान कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए, जिनमें कन्हरगांव डैम के जलस्तर को बनाए रखने हेतु लावाघोगरी के माध्यम से पेंच क्षेत्र से पानी डायवर्ट करने तथा माचागोरा बांध से छिंदवाड़ा शहर को अधिक मात्रा में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने जैसी दीर्घकालिक व प्रभावी कार्ययोजनाओं पर सहमति बनी। महापौर विक्रम अहके एवं निगम आयुक्त चंद्र प्रकाश राय ने जलप्रदाय विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे शहर के प्रत्येक वार्ड में पानी की निर्बाध आपूर्ति के लिए अभी से वैकल्पिक जल स्रोतों को दुरुस्त रखें और सभी आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करें, ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति निर्मित न हो। इस महत्वपूर्ण बैठक में कार्यपालन यंत्री सोनू सकवार सहित जलप्रदाय विभाग से जुड़े सहायक यंत्री विवेक चौहान, उपयंत्री रोहित सूर्यवंशी, भानु सूर्यवंशी, अभिनव तिवारी, कार्यालय अधीक्षक मोहन नागदेव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
