
प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी पी.नरहरि ने जल जीवन मिशन की गहन समीक्षा
छिंदवाड़ा. लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख सचिव पी. नरहरि शनिवार को छिंदवाड़ा पहुंचे और कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक ली. इस दौरान उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए जिले में जल जीवन मिशन की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की और सभी एकल योजनाओं में सभी घरों में हर घर जल पहुंचाने का कार्य 31 मार्च 2025 के पूर्व पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित डेड लाइन के बाद भी कार्य पूरा नहीं होने पर कार्यवाही की चेतावनी दी है। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव के हर घर तक गुणवत्तायुक्त शुद्ध पेयजल पर्याप्त मात्रा में पहुंचे, कोई भी घर छूटने न पाए। जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन के बाद दूषित जल अथवा डायरिया से मृत्यु के एक भी प्रकरण बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्य डेड लाइन तक पूरा कराने के लिए सभी जनपद सीईओ व पंचायत के अमले और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के इंजीनियर्स को भी पी.एच. ई. विभाग के इंजीनियर्स के साथ बेहतर समन्वय में कार्य करने एवं निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने माचागोरा समूह जल प्रदाय योजना का कार्य भी गति और गुणवत्ता के साथ पूरा कराने तथा रोड रेस्टोरेशन का शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कराने के लिए निर्देशित किया।
*नल जल योजनाओं केलिए शीघ्र लाई जाएगी पॉलिसी ०००००
पी. एस. श्री नरहरि ने जानकारी दी कि गांव में पेयजल योजनाओं के संधारण में पंचायतों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिसका हल खोजा गया है। इसके लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा पेयजल योजनाओं के संचारण – संधारण के लिए पॉलिसी तैयार की जा रही है, जो शीघ्र ही लाई जाएगी। इस पॉलिसी में पेयजल योजनाओं के समुचित संचारण – संधारण के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ग्राम पंचायत सहित सभी की भूमिका स्पष्ट निर्धारित की जाएगी।
बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी लिए ००००
बैठक में प्रमुख सचिव श्री नरहरि ने कार्यपालन यंत्री सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के सभी इंजीनियर्स और सीईओ जनपद पंचायत को खुलकर जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन में आ रही परेशानियों पर बात करने का अवसर दिया और उन्हें दूर करने के संबंध में सभी अधिकारियों के सुझाव भी लिए। उन्होंने कहा कि हमें नई सोच, नए आइडिया के साथ नवीन तकनीकों का समावेश करते हुए कार्य करना है। जब हम समस्याओं को समझेंगे, तभी उसका समाधान निकाल पाएंगे। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने प्रमुख सचिव श्री नरहरि को जिले में फ्लोराइड की समस्या से अवगत कराया, जिसे संज्ञान में लेते हुए श्री नरहरि ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के अधिकारियों को नल जल योजनाओं के रिवीजन में फ्लोराइड ट्रीटमेंट को भी शामिल करने के त्वरित निर्देश दिए।
बैठक में ये रहे उपस्थित ००००००
बैठक में पी. एस. श्री नरहरि के साथ मध्य प्रदेश जल निगम के प्रबंध संचालक श्री के. व्ही. एस.चौधरी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता के.के. सोनगरिया, कलेक्टर शीलेंद्र सिंह, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी जबलपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एच. एस. गौड, अधीक्षण यंत्री पी.एच. ई.परियोजना जिला छिंदवाड़ा डी.के. मासुलकर भी मौजूद थे। बैठक में महाप्रबंधक जल निगम इकाई छिंदवाड़ा अविनाश दिवाकर, कार्यपालन यंत्री पी.एच. ई. के. एस. कुसरे, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों के सभी जनपद सीईओ, पी.एच. ई. के सभी सहायक यंत्रियों और उपयंत्रियों से एक – एक कर विकासखंडवार जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई।
