
ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बिजली बचाने की पहल को बढ़ावा देने के लिए घोषणा की है कि 1 जून से 30 जून तक वे रात के समय एयर कंडीशन का इस्तेमाल पूरी तरह बंद कर देंगे, चाहे वे ग्वालियर में अपने घर पर हों, भोपाल में कार्यालय में हों या सरकारी वाहन में हों. इसके बजाय, वे ग्वालियर के कांचमिल रोड स्थित न्यू पार्क में वाटरप्रूफ टेंट लगाकर पंखे के नीचे सोएंगे. साथ ही, उन्होंने तय किया है कि वे पारंपरिक मिट्टी के मटके का पानी पीएंगे, न कि फ्रिज का ठंडा पानी.
मंत्री तोमर ने कहा, ”यह सिर्फ शब्दों की बात नहीं, बल्कि अमल की बात है. प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमने स्वच्छ और हरित भारत बनाने का संकल्प लिया है. यह मेरा उस लक्ष्य की ओर छोटा सा योगदान है.”
प्रद्युम्न सिंह ने जोर देकर कहा कि उनकी रातें पूरी तरह बिना एसी के बीतेंगी. उन्होंने कहा, ”मैं डेटा शेयर करूंगा कि एक रात के लिए एसी बंद करने से कितनी बिजली बचाई जा सकती है और कितना प्रदूषण कम हो सकता है.
ऊर्जा मंत्री तोमर ने बताया कि एसी न केवल भारी मात्रा में बिजली खपत करती है, बल्कि कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन के जरिए पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाती है. उन्होंने कहा, ”यह बिजली खपत और पर्यावरणीय क्षति ऐसी चीज है जिसे अब अनदेखा नहीं किया जा सकता. इसलिए मैंने रात के समय एसी का उपयोग बंद करने का फैसला लिया है.”
