
इंदौर. प्रतीक सेतु से करीब 50 फीट नीचे गिरी थार में सवार चार लोगों की जान बच गई. आधी रात के बाद हुए इस हादसे में थार रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरी और पलट गई. संयोग से जिस समय वाहन नीचे गिरा, वहां सड़क पर कोई दूसरा वाहन नहीं था. थार में सवार चारों लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में यह हादसा रात करीब 3.30 बजे हुआ. शुरुआती जानकारी के अनुसार थार अन्नपूर्णा से बिजलपुर की ओर जा रही थी. पुल पर पहुंचने के दौरान वाहन अनियंत्रित हुआ और रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरा. गिरने के बाद थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के दौरान एयरबैग खुल गए. हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. कार में सवार लोग अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें बाहर निकाला गया. घायलों की पहचान आरती उम्र 25 साल, अभिजीत उम्र 20 साल, आदित्य और लावण्या के रूप में हुई है. चारों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. मामले में एसीपी निधि सक्सेना ने नव भारत को बताया कि हादसे में चार लोग घायल हुए हैं और सभी का उपचार चल रहा है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. चालक ने नशा किया था या नहीं, यह भी जांच का हिस्सा है.
