रीवा:रीवा में लगातार हो रही झमाझम बारिश से सडक़ो की हालत खराब होने लगी है. शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र की सडक़ो में गढ्डे हो गये है. कई जगह जानलेवा गढ्डे है जो बड़े हादसे को आमंत्रण दे रहे है. शहर के बीच से गुजरने वाली माडल रोड़ कई जगह गढ्डो में तब्दील हो चुकी है. आरओबी एवं फ्लाई ओवर के ऊपर गढ्डे ही गढ्डे है. जिन्हे बंद किया गया था पर बारिश होते ही गिट्टी और डामर बाहर आ गई है. इसके अलावा अन्य सडक़ो की हालत खस्ताहाल है. माडल रोड़ पर कई जगह ठेकेदार द्वारा मरम्मत कार्य किया गया लेकिन गुणवत्तापूर्ण कार्य न होने के कारण पूरी सडक़ उखड़ गई है.
एजी कालेज मोड़ से लेकर विक्रम पुल तक बनाई गई कंक्रीट सडक़ भी कब्रिस्तान के पास एक तरफ धस गई है. सुबह पीडब्ल्यूडी के एसडीओ ओमकार सिंह और निर्माण करने वाली कम्पनी के इंजीनियर पहुंचे, बैरीकेट्स लगाकर सडक़ का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया. जहा पर सडक़ धसी है वहा सुबह ही बजरी और डस्ट डाल कर गढ्डे को पाटा गया. इसके बाद दोपहर मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया. पहले एक तरफ कंक्रीट सडक़ का मरम्मत होगा, उसके बाद दूसरी तरफ किया जाएगा. अभी सडक़ गारंटी समय पर है इस लिये निर्माण एजेंसी द्वारा ही मरम्मत कार्य कराया जाएगा. एसडीओ ओमकार मिश्रा ने बताया कि कंक्रीट सडक़ का मरम्मत किया जा रहा है. लगातार पानी गिरने के कारण एक तरफ सडक़ धसी है, लेकिन कोई खतरा नही है समय रहते मरम्मत हो रही है.
