
छतरपुर। ग्राम गोरखपुरपुरवा में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता सहोद्रा सेन (55 वर्ष), पति अच्छेलाल सेन ने बताया कि उनके ही गांव के चार लोगों ने उनकी निजी भूमि पर जबरन कब्जा करने की नीयत से ट्रैक्टर से जुताई शुरू कर दी।
जब सहोद्रा और उनके परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में पीड़िता सहित परिवार के अन्य सदस्यों को चोटें आई हैं।
पीड़ित परिवार ने घटना के बाद शनिवार 8 नवंबर को दोपहर 2 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में उन्होंने आरोपियों पर जबरन भूमि कब्जा, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि वह लंबे समय से अपनी जमीन पर खेती कर रही हैं, लेकिन कुछ लोग बलपूर्वक कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
मामला एसपी ऑफिस पहुंचने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद है और उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग भी की है।
