
भोपाल। बीएचईएल भोपाल की हॉकी टीम ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए बीएचईएल रानीपेट इकाई द्वारा आयोजित अंतर-इकाई हॉकी टूर्नामेंट 2026-27 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ बीएचईएल भोपाल ने कॉरपोरेट खेलों में अपनी मजबूत परंपरा को और सुदृढ़ किया है। टीम ने पिछले 33 अंतर-इकाई हॉकी टूर्नामेंट में 31वीं बार चैंपियनशिप हासिल की है।
कप्तान एब्डोन पन्ना के नेतृत्व में भोपाल की टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार तालमेल, अनुशासन, रणनीतिक कौशल और निरंतरता का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने प्रत्येक मुकाबले में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए अंततः चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टीम मैनेजर शाहबाज खान के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण ने भी टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके रणनीतिक सुझाव, खिलाड़ियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर और मार्गदर्शन से टीम ने मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
बीएचईएल भोपाल के वरिष्ठ प्रबंधन ने पूरी टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों, कप्तान, मैनेजर और सहयोगी स्टाफ के समर्पण की सराहना की। प्रबंधन ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए बीएचईएल रानीपेट इकाई को भी बधाई दी।
