जबलपुर: जिसका डर था वो ही हो गया और जबलपुर में कोरोना के नए वैरिएंट नेे दस्तक दे ही दी। कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग जहां अलर्ट हो गया है वहीं विभाग द्वारा शहरवासियों से सतर्कता बरतने की अपील भी की जा रही है। जानकारी के अनुसार मेडिकल की पुरानी बिल्डिंग में 18 पलंगों का एक आईसोलेशन वार्ड बनाया गया है, जहां पर कोरोना के मरीज अपना इलाज करवाएंगे। भोपाल, इंदौर के बाद अब जबलपुर में कोरोना का पहला केस अधारताल में गत दिवस मिला जिसके बाद स्वास्थ्य महकमे ने अधारताल क्षेत्र में भी सर्वे किया और जागरूकता फैलाई।
वहीं अब मास्क, सैनिटाइजर और दूरी फिर से बेहद जरूरी होने की बात फिर से सामने आने लगी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शासन की ओर से अभी जबलपुर में ऐसी कोई गाइड लाइन जारी नहीं हुई है लेकिन कोरोना पॉजिटिव एक केस मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमा अपने स्तर पर तैयारी करने जुटा है। विभाग की माने तो लोगों को अभी से सैनिटाइजर, मास्क लगाकर निकलना चाहिए और खुद से सतर्क रहना चाहिए। वहीं सर्दी, खांसी के लक्षण आते ही तत्काल नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह जानकारों द्वारा दी जा रही है।
इनका कहना है
–मेडिकल अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में 18 पलंगों का आईसोलेशन वार्ड बनाया गया है जहां पर 80 वर्षीय बुजुर्ग को रखकर उसका इलाज किया जा रहा है। 1 सप्ताह इस बुजुर्ग को डॉक्टरों द्वारा मॉनीटर किया जाएगा उसके बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोनो से निपटने अपने स्तर पर तैयारियां कर लीं हंैं। शहरवासियों को खुद से जागरूक होकर सर्दी, खांसी , बुखार आने पर बिना लापरवाही बरते नजदीकी डॉक्टर के पास चैकअप के लिए जाना चाहिए।
–डॉ. संजय मिश्रा, सीएमएचओ जबलपुर।
