जयपुर। राजस्थान में सीवर सफाई की तस्वीर तेजी से बदल रही है। अब कई शहरों में सीवरेज चैंबर की सफाई ‘बैंडीकूट’ रोबोट से की जा रही है। इसका मतलब… कर्मचारियों को जहरीली गैसों और गंदगी के बीच अपनी जान दांव पर लगाकर सीवर में उतरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ये स्मार्ट रोबोट अकेले 5 से 6 लोगों का काम कर सकता है और सिर्फ 30 से 40 मिनट में पूरे सीवर चैंबर की सफाई कर देता है।
सबसे खास बात… इसमें लगे 4 कैमरे सीवर के अंदर की लाइव तस्वीरें बाहर बैठे ऑपरेटर तक पहुंचाते हैं।
साथ ही ये मशीन अंदर मौजूद जहरीली गैसों का स्तर भी तुरंत बता देती है। रोबोट करीब 30 फीट गहराई तक उतर सकता है और अपने AI बेस्ड हाथों से जमे हुए कचरे को आसानी से साफ करता है।
फिलहाल जयपुर में ये मशीनें काम शुरू कर चुकी हैं, जबकि जोधपुर और भीलवाड़ा में ट्रायल जारी है। अगर ये तकनीक पूरी तरह सफल रही, तो राजस्थान के 35 से ज्यादा शहरों में सीवर सफाई अब मशीनों के भरोसे होगी… और कई सफाईकर्मियों की जान सुरक्षित रहेगी।
