
नासाउ, 11 जुलाई (वार्ता) उत्तर अमेरिका के कैरिबियाई क्षेत्र में मौजूद द्वीपीय देश बहामास में एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार नौ यात्रियों और एक पायलट समेत 10 लोगों की मौत हो गयी। बीबीसी के अनुसार, देश के विमान दुर्घटना जांच प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि यह हल्का विमान राजधानी नासाउ के निकट स्थित लिंडन पिंडलिंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सैन एंड्रोस हवाई अड्डे के लिए छोटी दूरी की उड़ान पर था। लैंडिंग से पहले विमान में तकनीकी दिक्कत आने की सूचना मिली और वह झाड़ियों में जा गिरा।
यह दुर्घटना बहामास के 53वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हुई। प्रधानमंत्री फिलिप डेविस ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “आज उत्सव का दिन था, लेकिन यह शोक के दिन में बदल गया है। एक बार फिर हमारे देश के इतिहास का एक अध्याय त्रासदी के साथ दर्ज हुआ है।” श्री डेविस ने प्रारंभ में बताया था कि दुर्घटना में एक व्यक्ति जीवित बचा है, लेकिन कुछ घंटे बाद उन्होंने पुष्टि की कि उसकी भी उपचार के दौरान मौत हो गयी। विमान में सवार लोगों की पहचान, नाम और आयु संबंधी जानकारी अभी जारी नहीं की गयी है। दुर्घटनाग्रस्त सेसना-402 विमान का परिचालन बहामास की विमानन कंपनी फ्लेमिंगो एयर कर रही थी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एहतियाती सुरक्षा उपाय के तहत फ्लेमिंगो एयर के एयर ऑपरेटर प्रमाणपत्र को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई को फ्लेमिंगो एयर के खिलाफ किसी प्रतिकूल अनुपालन कार्रवाई के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार को विमानन सुरक्षा से जुड़ी दो घटनाएं हुई थीं। विमानन मंत्री जोबेथ कोलबी-डेविस ने बताया कि एक अन्य विमान को पायलट द्वारा तकनीकी खराबी की सूचना दिये जाने के बाद वापस नासाउ लौटना पड़ा था। विमान के उतरने और यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद उसमें आग लग गयी थी। फ्लेमिंगो एयर ने स्थानीय मीडिया से कहा कि दुर्घटना से संबंधित सभी तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है और कंपनी जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करेगी।
