
परासिया। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने मंगलवार को नगर पालिका परिषद परासिया, जिला छिंदवाड़ा में पदस्थ लेखापाल शैलेन्द्र शर्मा को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार आवेदक लाल जी पिता सुंदर लाल, निवासी कुम्हारी मोहल्ला वार्ड क्रमांक 16 परासिया, ने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वे अगस्त 2025 में सफाई कर्मी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्हें ग्रेच्युटी और पेंशन का लाभ नहीं मिला।
आवेदक ने बताया कि जब वे अपनी ग्रेच्युटी राशि और पेंशन जारी कराने के लिए नगर पालिका परिषद परासिया के लेखापाल शैलेन्द्र शर्मा से मिले, तो आरोपी ने 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। बताया गया कि आरोपी पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था और शेष 5 हजार रुपये देने के लिए दबाव बना रहा था।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद EOW की टीम ने योजना बनाकर मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान प्रार्थी की ग्रेच्युटी और पेंशन से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
टीम ने की कार्रवाई
ट्रैप कार्रवाई में एसडीओपी श्री धामी, निरीक्षक भुवनेश्वरी चौहान, हेड कांस्टेबल गगन, कांस्टेबल अभिनव, नदीम, सागर सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
