नयी दिल्ली 26 सितंबर (वार्ता) इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (आईआरआईए) के दिल्ली स्टेट चैप्टर के तत्वाधान में वार्षिक सम्मेलन ‘द दिल्ली इमेजिंग अपडेट 2026’ का आयोजन यहां 10 और 11 अक्टूबर को किया जायेगा। आईआरआईए के अध्यक्ष डॉ बीआर गोयल ने शनिवार को बताया सम्मेलन में रेडियोलॉजी और इमेजिंग के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों और प्रगति पर विशेषज्ञों द्वारा चर्चा की जायेगी। इस दौरान विशेषज्ञ व्याख्यान, क्विज और पैनल चर्चाओं का आयोजन किया जायेगा। इस वर्ष सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और रेडियोलॉजी रिपोर्टिंग में इसके एकीकरण पर विशेष जोर रहेगा। इसका उद्देश्य रेडियोलॉजिस्टों को क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलावों और नयी संभावनाओं से अवगत कराना है।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में आईआरआईए के सामाजिक कार्यक्रम ‘समरक्षण’ को भी बढ़ावा दिया जायेगा। यह एक स्वैच्छिक कार्यक्रम है, जिसके तहत गर्भवती महिलाओं की अल्ट्रासाउंड जांच करने वाले रेडियोलॉजिस्ट गर्भावस्था की गंभीर जटिलता एक्लेम्पसिया के शुरुआती संकेतों की पहचान कर महिला और उसके उपचार कर रहे चिकित्सक को इसकी जानकारी देते हैं। इससे समय रहते बचाव के लिए आवश्यक उपचार शुरू करने में मदद मिलती है और मां तथा अजन्मे बच्चे की जान बचाने में सहायता मिल सकती है।

