सीहोर। आगामी 22 सितंबर से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्रि पर्व पर सलकनपुर देवीधाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर बालागुरू के और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने मंदिर परिसर एवं नर्मदा आंवलीघाट का निरीक्षण किया.निरीक्षण के बाद अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
कलेक्टर ने पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई और बिजली व्यवस्था को प्राथमिकता देने, श्रद्धालुओं के आगमन-निर्गमन के लिए पर्याप्त कर्मचारी तैनात करने, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.उन्होंने मेले में दुकानों को सुव्यवस्थित ढंग से लगाने और रोपवे संचालन सुचारू रखने पर जोर दिया.
एसपी शुक्ला ने यातायात व सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी मुख्य स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और किसी भी बाधा की स्थिति में तुरंत समाधान करने को कहा.
मंदिर तक वाहनों के संचालन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है.टैक्सी या निजी वाहनों से श्रद्धालुओं के आगमन पर अंतिम निर्णय आगामी बैठक में लिया जाएगा. निरीक्षण के दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय, एएसपी सुनीता रावत, एसडीएम दिनेश सिंह तोमर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
