इंदौर: डायरेक्टरेट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन (डीटीई) ने बीई-बीटेक प्रवेश के पहले चरण की अलॉटमेंट सूची जारी कर दी है. इस बार भी कंप्यूटर साइंस सबसे पसंदीदा शाखा रही, लेकिन इलेक्टि्रकल और इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी ब्रांचों की मांग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है.डीटीई के अनुसार, इंदौर के प्रमुख सरकारी संस्थानों एसजीएसआईटीएस और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (यूआईईटी) में कंप्यूटर शाखाओं के बाद विद्यार्थियों ने सबसे अधिक रुचि इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन (ईसी), इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन में दिखाई.
वहीं मैकेनिकल, सिविल और इंडस्टि्रयल प्रोडक्शन जैसी पारंपरिक शाखाओं में अपेक्षाकृत कम प्रतिस्पर्धा रही. एसजीएसआईटीएस में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग सबसे अधिक पसंद की गई. इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, आईटी, इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन की सीटों पर बेहतर रैंक वाले विद्यार्थियों का प्रवेश हुआ. डीएवीवी (यूआईईटी) में भी कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की सीटें सबसे पहले भर गईं. इसके बाद आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन और इलेक्टि्रकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स शाखाओं में अच्छी मांग रही.
लोकप्रियता फिर बढ़ रही
करियर विशेषज्ञ शैलेंद्र वर्मा के अनुसार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन, सेमीकंडक्टर, इलेक्टि्रक व्हीकल, पावर सेक्टर और एंबेडेड सिस्टम जैसे क्षेत्रों में बढ़ते रोजगार अवसरों के कारण इलेक्टि्रकल और इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी शाखाओं की लोकप्रियता फिर बढ़ रही है। इसका असर इस वर्ष इन ब्रांचों के कटऑफ पर भी देखने को मिला
