
दमोह।मप्र शासन के वल्लभ भवन से पशुपालन व डेयरी विभाग, मंत्रालय के द्वारा अधिकारियों की एक लंबी स्थानांतरण सूची जारी की गई है। सूची के अनुसार विभाग के करीब 169 अधिकारियों के फेरबदल कर उन्हें नई पदस्थापना दी गई है।इस सूची में पथरिया में पदस्थ डॉ. कामता प्रसाद कुर्मी को दमोह उपसंचालक, पशुपालन व डेयरी विभाग का नया प्रभार सौंपा गया है। उन्होंने गुरुवार को तत्काल पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया। उल्लेखनीय है कि डॉ. कुर्मी की जगह पर पूर्व में डॉ. बृजेंद्र उर्फ बीके असाटी को उपसंचालक पशुपालन व डेयरी विभाग के पद का प्रभारी बनाया गया था। नए आदेश के बाद डॉ. असाटी को अब वापस हटा भेज दिया गया है। आदेश जारी होते ही डॉ. कामता प्रसाद कुर्मी ने पशुपालन व डेयरी विभाग कार्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाला। इस दौरान डॉ. बीके असाटी ने उन्हें विधिवत चार्ज सौंपा। साथ ही माल्यार्पण कर बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
