देर रात पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाशों को लगी गोली

देहरादून/हरिद्वार, 01 नवंबर, (वार्ता) उत्तराखंड में देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में देर रात जांच के दौरान पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम नयागांव के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे चेकिंग प्वाइंट पर रुकने के बजाय बुड़पुर की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस वाहन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।

घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाशों के उपचार की जानकारी ली। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के अनुसार, घायल बदमाशों की पहचान समीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के इरादे से मोटरसाइकिल पर निकले थे।

दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, समीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक अभियोग दर्ज हैं, जबकि शहजाद पर भी कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में आपराधिक मामले दर्ज होने के साथ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। दोनों पूर्व में हरिद्वार जेल भी जा चुके हैं।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Next Post

वैष्णव आज बेंगलूरु में दिखायेंगे वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी

Sun Nov 1 , 2026
बेंगलुरु 01 नवंबर (वार्ता) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज यहाँ के सर एम विश्वश्वरैया टर्मिनल से बेंगलुरु- मुंबई वंदे भारत शयनयान एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन देश की तीसरी और कर्नाटक की पहली वंदे भारत शयनयान एक्सप्रेस होगी। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बंदे भारत शयनयान […]

You May Like