‘थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान’ से जुड़े गौरव बाजपेयी और अंकिता बहुगुणा

मुंबई, 22 जून (वार्ता) वैदेही के प्रेरणादायक किरदार से दर्शकों को परिचित कराने के बाद, सन नियो ने अपने आने वाले शो ‘थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान’ का नया प्रोमो जारी किया है। इस प्रोमो में कहानी के तीन अहम किरदारों वैदेही, अभिजीत और अनुप्रिया की झलक दिखाई गई है। यह प्रोमो एक गाँव में चल रहे ब्यूटी क्रीम के विज्ञापन की शूटिंग के बीच की कहानी दिखाता है, जहाँ दिखावे और सच्चाई के बीच का फर्क सामने आता है।प्रोमो की शुरुआत एक राज्य परिवहन बस के अचानक रुकने से होती है। बस के यात्री देखते हैं कि गाँव की सड़क पर एक ग्लैमरस ब्यूटी क्रीम का विज्ञापन शूट हो रहा है। इसी दौरान वैदेही (आरती बिराजदार) बस से उतरती है और भीड़ के बीच से निकलने की कोशिश करती है। वहाँ उसकी नजर अनुप्रिया (अंकिता बहुगुणा) पर पड़ती है, जो विज्ञापन की शूटिंग कर रही होती है। विज्ञापन में अनुप्रिया एक साधारण गाँव की लड़की के रूप में नजर आती है और अपने आत्मविश्वास व आकर्षक अंदाज से सभी को प्रभावित करती है। वैदेही भी उसकी सादगी और आत्मविश्वास से प्रभावित हो जाती है।

इस शूट का निर्देशन अभिजीत (गौरव बाजपेयी) कर रहा होता है। वह अनुप्रिया की खूब तारीफ करता है और उसकी सुंदरता की प्रशंसा करता है,लेकिन, कहानी में नया मोड़ तब आता है जब वैदेही गलती से मेकअप के पीछे छिपे अनुप्रिया के असली रूप को देख लेती है। दूसरी ओर अभिजीत का पूरा ध्यान अनुप्रिया पर ही रहता है, जबकि वैदेही दूर खड़ी होकर सब कुछ देखती रहती है। प्रोमो इन तीनों के बीच बनने वाले भावनात्मक रिश्तों की झलक देता है और दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाता है।

अपने किरदार वैदेही के बारे में बात करते हुए, आरती बिराजदार ने कहा, “वैदेही एक ऐसी लड़की है जो लोगों को उनके रूप से नहीं, बल्कि उनके अच्छे स्वभाव से पहचानती है। इस प्रोमो में वह अनुप्रिया के आत्मविश्वास और सादगी से प्रभावित होती है, लेकिन साथ ही कुछ ऐसे भाव भी महसूस करती है, जिनसे बहुत से लोग खुद को जोड़ सकते हैं। मुझे वैदेही की सबसे अच्छी बात यह लगती है कि वह शिकायत करने के बजाय हमेशा आत्मसम्मान और गरिमा को महत्व देती है। उसकी कहानी प्रेरणादायक है, क्योंकि वह हर मुश्किल के बावजूद आगे बढ़ती रहती है।”

अपने किरदार अभिजीत के बारे में गौरव बाजपेयी ने कहा,”अभिजीत एक दिलचस्प किरदार है। वह महत्वाकांक्षी, आत्मविश्वासी है और ग्लैमर एवं परफेक्शन की ओर आकर्षित रहता है। इस प्रोमो में दर्शकों को अनुप्रिया के प्रति उसका आकर्षण और दुनिया को देखने का उसका नजरिया दिखाई देगा। आगे चलकर दर्शकों को उसके व्यक्तित्व के कई और पहलू देखने को मिलेंगे।” अनुप्रिया का किरदार निभा रहीं अंकिता बहुगुणा ने कहा, “अनुप्रिया आत्मविश्वासी, मजबूत सोच वाली और अपनी कीमत जानने वाली लड़की है। वह खुद पर भरोसा रखती है और दूसरों की तारीफ या मंजूरी पर निर्भर नहीं रहती। यह प्रोमो उसके ग्लैमरस जीवन की झलक दिखाता है, लेकिन साथ ही उसके व्यक्तित्व का एक अलग पहलू भी सामने लाता है।” रिश्तों, भावनाओं और प्रेरणा से भरपूर ‘थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान’ सपनों, आत्मविश्वास और जीवन में अपनी पहचान बनाने की एक दिल छू लेने वाली कहानी है। यह शो जल्द ही सन नियो पर प्रसारित होगा।

.....

Next Post

चेंबर की अधिसूचना जारी, 27 से भरे जायेंगे पर्चे

Mon Jun 22 , 2026
ग्वालियर। मप्र चेंबर आफ कामर्स एंड इण्डस्ट्रीज के चुनावों की सोमवार को अधिसूचना जारी हो गई। अधिसूचना जारी करने के साथ ही निर्वाचन अधिकारी अशोक विजयवर्गीय ने चेंबर का निर्वाचन कार्यक्रम भी जारी कर दिया। चेंबर के लिये प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया 27 जून से शुरू होगी और मतदान […]

You May Like