द ओवल, 03 जुलाई (वार्ता) कप्तान नेट सायवर-ब्रंट (75) और हीथर नाइट (58) रनों की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 40 रनों से हराकर महिला टी-20 विश्वकप के फाइनल जगह बना ली है। अब रविवार को इंग्लैंड की टीम खिताब के लिए चिर-प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला करेंगी। नेट सायवर-ब्रंट को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।
ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने गुरुवार रात खेले गये दूसरे सेमीफाइनल में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने महज 23 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए। ऐमी जोंस (दो), डेनियल वॉयट (12) और एलिस केप्सी (एक) रन बनाकर आउट हुई। ऐसे संकट के इस समय में कप्तान नेट सायवर-ब्रंट और हीथर नाइट की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई 90 गेंदों में 133 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी हुई। 19वें ओवर में एन म्लाबा ने सायवर ब्रंट को आउट किया। सायवर-ब्रंट ने 47 गेंदों में 11 चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 75 रनों की पारी खेली। इसी ओवर की चौथी गेंद पर म्लाबा ने हीथर नाइट का भी शिकार कर लिया। हीथर नाइट ने 47 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए (58) रन बनाये। इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 169 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। दक्षिण अफ्रीका के लिए एन म्लाबा और शबनिम इस्माइल ने दो-दो विकेट लिये। मैरीजान कैप्प ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 129 रन ही बना सकी और मुकाबला 40 रनों से हार गई। तेंजमिन बिट्स को छोड़कर उसका कोई भी बल्लेबाजों इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सका। बिट्स ने टीम के लिए सर्वाधिक (51) रन बनाये। उन्होंने अपनी इस पारी में छह चौके भी लगाये। उनके अलावा कप्तान लॉरा वुलफार्ट (17), क्लोई ट्राइऑन (12) और सुने लूस (11) रन बनाकर आउट हुई। एन डी क्लर्क ने 14 रनों की नाबाद पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका के पांच बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। इंग्लैंड के लिए लॉरेन बेल और शार्लेट डीन ने दो-दो विकेट लिये। फ्रेया कैंप और लिंसी स्मिथ ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
