सतना: मैहर जिले के कंचनपुर गांव में बुधवार-गुरुवार की रात एक युवक की नाली में डूबने से मौत हो गई। वह लघुशंका के लिए घर से बाहर निकला था। बारिश के कारण नाली ओवरफ्लो हो रही थी, जिसमें वह गिर गया और पानी के तेज बहाव में डूब गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 45 वर्षीय कल्लू साकेत के रूप में हुई है। वह महेश साकेत का बेटा था।
परिजनों ने बताया कि कल्लू रात में लघुशंका के लिए घर से बाहर गया था। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। उन्हें कल्लू घर के बाहर नाली में डूबा हुआ मिला।घटना की जानकारी मिलने पर देर रात डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने युवक को नाली से बाहर निकाला और सिविल अस्पताल अमरपाटन ले गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
