ग्वालियर: माता मरियम जन्मोत्सव पर संत पॉल चर्च मुरार में मिस्सा के पूर्व माता मरियम की नई मूर्ति का अनावरण किया गया। चल समारोह में माला विनती बोलते हुए पुष्पवर्षा करते हुए चर्च में प्रवेश किया गया। मुख्य अनुष्ठानदाता ग्वालियर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष डॉ जोसफ थायकट्टिल, संत पॉल चर्च पल्ली पुरोहित एवं विकार जनरल फादर लॉरेंस डिसूजा एवं धर्मप्रान्त के पुरोहितगण द्वारा मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया।धर्माध्यक्ष ने अपने संदेश में माता मरियम के गुणों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वे आज्ञाकारी थीं, उन्होने प्रभु की इच्छा को स्वीकार किया। एक सच्ची सेविका थीं, जो अपनी गर्भावस्था में एलिजाबेथ की सेवा के लिए चली गईं।
धर्माध्यक्ष ने सभी पल्लीवासियों को माता मरियम के जन्मोत्सव की शुभकामनायें दी। इस अवसर पर संत पॉल पल्ली के मेधावी छात्र छात्राओं को धर्माध्यक्ष द्वारा सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं द्वारा माता मरियम के विभिन्न अवतारों को दर्शाया गया। माता मरियम के जन्मोत्सव पर फादर लॉरेंस पल्ली पुरोहित ने मुख्य अनुष्ठानदाता धर्माध्यक्ष डॉ. जोसफ थायकाट्टिल एवं नौवीना के दौरान मिस्सा बलिदान अर्पित करने आए सभी पुरोहितों का आभार व्यक्त किया।
