उर्वा सवालिया की सीखने की लगन अर्जुन जैसी : जितेन लालवानी

मुंबई, 23 जुलाई (वार्ता) सोनी सब के पौराणिक धारावाहिक ‘हस्तिनापुर के वीर’ में गुरु द्रोणाचार्य की भूमिका निभा रहे अभिनेता जितेन लालवानी ने युवा अर्जुन की भूमिका निभाने वाले उर्वा सवालिया की प्रशंसा करते हुए कहा है कि उसकी जिज्ञासा और सीखने की लगन वैसी ही है, जैसा हमारे शास्त्रों में अर्जुन का वर्णन किया गया है।यह धारावाहिक पांडवों और कौरवों के बचपन की अनकही कहानियों को दर्शकों के सामने प्रस्तुत कर रहा है। शो में गुरु द्रोणाचार्य और अर्जुन के बीच अनुशासन, विश्वास और मार्गदर्शन पर आधारित संबंध को प्रमुखता से दिखाया गया है, जिसने अर्जुन को इतिहास के महानतम धनुर्धरों में से एक बनने की राह दिखाई।

जितेन लालवानी ने कहा कि ऑन-स्क्रीन गुरु-शिष्य का रिश्ता निभाने के साथ-साथ ऑफ-स्क्रीन भी उनके और उर्वा के बीच एक सहज एवं आत्मीय संबंध बन गया है। उन्होंने बताया कि रिहर्सल, धनुर्विद्या की मुद्राओं पर चर्चा और शूटिंग के दौरान होने वाली बातचीत ने उर्वा के आत्मविश्वास को बढ़ाने में मदद की है। उन्होंने कहा, “उर्वा बेहद ईमानदार और मेहनती बच्चा है। उसकी जिज्ञासा और सीखने की उत्सुकता बिल्कुल वैसी ही है, जैसा कि हमारे शास्त्रों में अर्जुन का वर्णन किया गया है।

मुझे कभी ऐसा नहीं लगता कि मैं किसी बच्चे के साथ काम कर रहा हूँ, क्योंकि वह सेट पर जो परिपक्वता दिखाता है, वह अद्भुत है। कैमरे बंद होने पर भी वह सोच-समझकर सवाल पूछता है, हर छोटी-छोटी बात पर ध्यान देता है और लगातार बेहतर बनने की कोशिश करता है।” जितेन ने कहा कि दोनों के बीच काम के साथ-साथ कई मज़ेदार पल भी होते हैं, जिससे सेट का माहौल हल्का और सकारात्मक बना रहता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऑफ-स्क्रीन बना यह विश्वास और आत्मीयता द्रोणाचार्य और अर्जुन के ऑन-स्क्रीन संबंध में भी दिखाई देगी। शो ‘हस्तिनापुर के वीर’ का प्रसारण सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात नौ बजे किया जाता है।

.....

Next Post

चाइना ओपन में लक्ष्य सेन की शानदार जीत, जापानी खिलाड़ी को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह, अब विक्टर लाई से होगी भिड़ंत

Thu Jul 23 , 2026
चांगझौ (चीन), चीन के चांगझौ में चल रहे चाइना ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के स्टार पुरुष शटलर लक्ष्य सेन ने जापान के युशी तनाका को रोमांचक मुकाबले में 22-20, 15-21, 21-14 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। उनका अगला मुकाबला आज दोपहर कनाडा के […]

You May Like