गोरखपुर, 27 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर निर्माण श्रमिकों को हाड़ कंपाने वाली ठंड में राहत देने के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना के अंतर्गत 18 महानगरों में एक दिसंबर से निशुल्क अस्थायी लेबर अड्डे खोले जाएंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि ये अड्डे गोरखपुर, आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, शाहजहांपुर, वाराणसी एवंआ गौतमबुद्धनगर में संचालित किए जाएंगे।
इस संबंध में श्रम विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल ने सभी संबंधित 18 जनपदों के जिलाधिकारियों को परिपत्र जारी कर दिया है। दिसंबर व जनवरी की कड़कड़ाती ठंड के दौरान अब किसी भी निर्माण श्रमिक या प्रवासी मजदूर को खुले आसमान के नीचे या सड़क किनारे रात नहीं गुजारनी पड़ेगी। यह विशेष व्यवस्था आगामी 1 दिसंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक, कुल दो माह के लिए अस्थायी रूप से संचालित की जाएगी।
प्रायः देखा जाता है कि रोजगार की तलाश में बड़े शहरों में आने वाले प्रवासी मजदूरों के पास विभागीय पंजीयन न होने के कारण वे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए शासन ने नियमों को बेहद सरल बनाया है। इस योजना के तहत राजमिस्त्री, बेलदार, मजदूर, बढ़ई, प्लम्बर, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन, लोहार, टाइल्स कारीगर सहित भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े सभी श्रमिक और प्रवासी कामगार पात्र होंगे। यदि किसी श्रमिक का श्रम विभाग में पंजीयन नहीं है, तो भी वह कोई वैध पहचान पत्र दिखाकर निशुल्क रात्रि विश्राम की सुविधा प्राप्त कर सकेगा। सभी लेबर अड्डों पर श्रमिकों के तत्काल पंजीयन और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।
संबंधित जिलाधिकारियों को स्थानीय आवश्यकता और श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों को देखते हुए इन अस्थायी लेबर अड्डों की संख्या और स्थान तय करने का अधिकार दिया गया है। इनकी स्थापना रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख श्रमिक मंडियों, बड़े निर्माण स्थलों और औद्योगिक क्षेत्रों के नजदीक की जाएगी, ताकि काम की तलाश में भटकने वाले मजदूरों को आसानी से आश्रय मिल सके। इन 18 शहरों में आवश्यकता के अनुसार 30 बेड या 60 बेड की क्षमता वाले एक या एक से अधिक लेबर अड्डे स्थापित किए जा सकेंगे। महिला और पुरुष श्रमिकों के ठहरने के लिए अलग-अलग और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए जीआई शीट, बांस-बल्ली और टिन शेड से अस्थायी संरचना तैयार की जाएगी या उपयुक्त सरकारी व निजी भवनों को किराए पर लिया जाएगा।
