नयी दिल्ली 22 जुलाई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ओडिशा के बालासोर में इंजीनियरिंग की छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि कांग्रेस का इतिहास सिर्फ वंशवाद का नहीं, बल्कि अपराधियों को बचाने तथा पीड़ितों को डराकर चुप कराने का भी रहा है।
गौरतलब है कि 19 वर्षीय इंजीनियरिंग की छात्रा से दुष्कर्म मामले में ओडिशा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के अध्यक्ष उदित प्रधान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस घटना के सामने आने पर कांग्रेस ने आरोपी प्रधान को ओडिशा एनएसआई के अध्यक्ष पद से हटा दिया था।
भाजपा ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर इस घटना को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया और लिखा, “कांग्रेस का इतिहास सिर्फ वंशवाद या भ्रष्टाचार तक सीमित नहीं है,, बल्कि अपराधियों को बचाने और पीड़ितों को चुप कराने का भी रहा है। कांग्रेस का महिला सम्मान के नाम पर ढोंग कब तक सहेगा भारत?”
