ननि की तिरंगा यात्रा का आयोजन आज

सतना: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पूरे शहर को तिरंगे के रंग में रंगने तथा राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम द्वारा महापौर योगेश ताम्रकार एवं निगमायुक्त शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को सायं 4 बजे भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह गौरवशाली यात्रा वेंकट क्रमांक-1 से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए टाउन हॉल में संपन्न होगी।

महापौर योगेश ताम्रकार ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस यात्रा के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
तिरंगा यात्रा के दौरान सैकड़ों नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश देंगे तथा पूरा शहर देशप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और स्वतंत्रता पर्व के उत्साह से सराबोर नजर आएगा। देशभक्ति गीतों, भारत माता की जय एवं वंदे मातरम् के उद्घोषों के बीच आयोजित यह यात्रा नगरवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करेगी।
यहां से होकर गुजरेगी
तिरंगा यात्रा वेंकट क्रमांक-1 से प्रारंभ होकर अग्रसेन चौक, सिटी कोतवाली, जयस्तंभ चौक, बिहारी चौक, पन्नीलाल चौक, अस्पताल चौक, खोवा मंडी, जगदेव तालाब, दद्दा समोसा, कबाड़ी टोला, कृष्ण नगर, वीर सावरकर चौक एवं सेमरिया चौक से होते हुए टाउन हॉल पहुंचेगी। निगमायुक्त ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं समस्त नागरिकों से इस गौरवशाली आयोजन में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

Next Post

आज के बच्चे कल देश का उज्जवल भविष्य है-जिला न्यायाधीश श्री सीनम

Fri Aug 14 , 2026
बागली:ग्रामीण क्षेत्रों में बाल प्रतिभाओं की कमी नहीं हैं। हमारी भारत भूमि बहु रत्न वसुंधरा हैं। सही दिशा और मार्गदर्शन मिलने पर आज के बच्चे कल पूरे देश का उज्जवल भविष्य है ।उक्त बाते बागली न्यायालय परिसर में उल्लास एक अभिनव पहल के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में बाल प्रतिभाओं को […]

You May Like