भोपाल। संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) क्षेत्र के लाऊखेड़ी गांव में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया. नगर निगम के अतिक्रमण अमले और राजस्व विभाग की मौजूदगी में सद्भावना परिसर कॉलोनी स्थित खसरा नंबर-202 की शासकीय नाले की भूमि का सीमांकन किया गया. जांच में अतिक्रमण पाए जाने पर अवैध रूप से निर्मित बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया गया, वहीं मौके से पिलर और टीन शेड भी हटाए गए.
प्रशासन का कहना है कि शासकीय भूमि पर कब्जों और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन पर मिल रही शिकायतों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है. बैरागढ़ एसडीएम रविशंकर राय के निर्देश पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई।
इधर, दाता कॉलोनी में भी निगम अमले ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर अवैध रूप से बने शेड को जेसीबी मशीन से तोड़ दिया. वहीं भवन अनुज्ञा शाखा की कार्रवाई के तहत कोलार रोड स्थित महाबली कॉलोनी में अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए दीवार और लेट-बाथ को भी हटाया गया.
