जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उठाये जा रहे है बड़े कदम-बिरला

बून्दी 24 सितंबर (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने समाज के हर वर्ग को राहत एवं हर परिवार के जीवन में त्योहारों की खुशियां मिले, यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच बताते हुए कहा है कि हम क्षेत्र की जनता की जनआकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में बड़े कदम उठा रहे हैं।

श्री बिरला बुधवार को बूंदी जिले के लाखेरी-सुमेरगंडमण्डी और जरखोदा में आयोजित कार्यक्रमों में केशवरायपाटन विधानसभा के 230 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को जनता को सौगात समर्पित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि यही भाव आज के बचत उत्सव और विकास पर्व के रूप में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि ईआरसीपी के माध्यम से असिंचित क्षेत्रों में भी पानी पहुंचेगा, जिससे हर खेत तक सिंचाई का साधन मिलेगा। अतिवृष्टि से जिन किसानों का नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवज़ा दिलाने की भी पूरी व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नवरात्र के इस पावन अवसर पर मां बीजासन और भगवान केशवराय की असीम कृपा से यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है कि हम क्षेत्र की उन्नति और समृद्धि के लिए अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ कर पा रहे हैं। पिछले 70 वर्षों में जितना काम नहीं हुआ, उससे कहीं अधिक काम केवल इन पांच वर्षों में होगा। आज जिन खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों का लोकार्पण और शुभारंभ हुआ है, वे क्षेत्रवासियों के जीवन को और अधिक सुगम बनाएंगे तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास और समृद्धि की ठोस नींव रखेंगे।

श्री बिरला ने कहा “हमारी राजनीति केवल राजनीति के लिए नहीं, बल्कि समाज और गरीब के लिए न्याय और सहायता पहुंचाने का संकल्प है। मेरे लिए असली संतोष तब है जब गरीब और वंचित के चेहरे पर मुस्कान दिखती है। मेरे लिए यही सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। हमारी सोच है कि जनता भगवान का रूप है और उनकी सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। हमारे कार्यकर्ता भी सेवक के रूप में निरंतर कार्य कर रहे हैं। जनता की हर समस्या, हर अभाव हम तक पहुंचाना और उसका समाधान करना उनकी प्राथमिकता है।”

इस दौरान उन्होंने इन्द्रगढ़ में बीजासन माता मंदिर और लाखेरी में मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में दर्शन किए।

उन्होंने लाखेरी में 4.5 करोड़ की लागत से बने मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम का लोकार्पण किया। खेलो इंडिया योजना के तहत बने इस स्टेडियम में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, टेबल टेनिस और अन्य खेलों की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने लाखेरी में केशवरायपाटन, कापरेन और लाखेरी तथा सुमेरगंजमण्डी में इन्द्रगढ़ नगर के लिए अमृत 2.0 शहरी पेयजल परियोजना की आधारशिला रखी गई। चारों नगर के लिए 21.84 रोड़ की योजना आने वाले 30 वर्षों तक पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाएगी। इसके साथ 30 करोड़ रुपये की लागत से इन्द्रगढ़–चाकण पेयजल परियोजना का शुभारंभ हुआ है, जिससे 49 गांवों को पहली बार सतही स्रोत से शुद्ध पेयजल मिलेगा।

इस दौरान 28 करोड़ की लागत से इंद्रगढ़–चाणदा खुर्द से राजोपा तक सड़क निर्माण कार्य का भी शुभारम्भ किया गया। श्री बिरला ने जरखोदा में सी.आर.आई.एफ. योजना के अंतर्गत बंबूली लेकर बामनगांव, जरखोदा, करवर, आंतरदा और तलवास तक 80 करोड़ की लागत की सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया।

इस अवसर पर राज्य के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि कोटा-बून्दी के लोग श्री बिरला के दिल में बसते हैं। करवर क्षेत्र में 130 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात यह दर्शाता है कि यह क्षेत्र तेजी से विकास की और अग्रसर है। जरखोदा से चार जीएसएस का लोकार्पण हम कर रहे हैं। उन्होंने कहा “20 महीने में हमने बून्दी में 20 जीएसएस स्वीकृत किए हैं इसमें से 16 पर काम शुरू हो चुका है। आने वाले समय में बिजली के क्षेत्र में राजस्थान आत्मनिर्भर बनेगा। हम हर वो काम कर रहे हैं जिससे हमारे अन्नदाता को 2027 तक दिन में बिजली देने का काम कर सके।”

Next Post

रील के लिए बेटे की जान से खिलवाड़, गेट पर खड़े कर दौड़ाई कार 

Wed Sep 24 , 2025
उज्जैन। सोशल मीडिया पर रील बनाकर फेमस होने और पैसा कमाने के लिए लोग अजीबो गरीब हरकतें करने लगे हैं। ऐसा ही एक बेवकूफी भरा मामला पुलिस के सामने आया। एक पिता दीपक पमनानी ने अपने 7–8 साल के बेटे की जान को खतरे में डाल दिया। आरक्षक सर्वेश मालवीया […]

You May Like