इंदौर: शहर में निर्माणाधीन फ्लाई ओवर ब्रिज की खराब सर्विस रोड ठीक नहीं करने को लेकर महापौर ने अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की. शहर की खराब सड़कों पर जलजमाव और यातायात जाम होने से व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं. जबकि बारिश के पहले ही सभी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सर्विस रोड को ठीक कर लिया जाए. किसी भी एजेंसी ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया. अगले तीन दिन में सभी सुधार कार्य नहीं किए गए,तो प्रमुख सचिव और मुख्यसचिव को रिपोर्ट भेज कर कारवाई का बोला जाएगा.
आज नगर निगम सभागृह में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शहर की सभी निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक इसलिए बुलाई गई थी कि पूरे शहर में सड़को और मुख्य मार्गों पर जलजमाव एवं यातायात जाम की खबरें सभी मीडिया संस्थानों ने प्रमुखता से न सिर्फ छापी, बल्कि विकास कार्यों की पूरी पोल खोलकर रख दी. बैठक में महापौर भार्गव ने नाराज होते हुए कहा कि शहर के ब्रिज पर जहां भी सर्विस रोड खराब है, उन्हें तीन दिन में सुधारा जाए.
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों की रिपोर्ट तैयार कर प्रिंसिपल सेक्रेटरी और चीफ़ सेक्रेटरी को भेजी जाएगी. दोषी एजेंसियों पर कार्रवाई और ब्लैकलिस्ट करने तक से नहीं चूकूंगा. बैठक में महापौर परिषद सदस्य राजेंद्र राठौर, अभिषेक बबलू शर्मा, अपर आयुक्त अभय राजनगावंकर पीडब्ल्यूडी, आईडीए, एमपीआरडीसी, इंदौर मेट्रो कार्पोरेशन, ब्रिज सेल और नगर निगम के अधिकारी शामिल थे.
तीन दिनों में बोर्ड लगाएं
महापौर भार्गव ने कहा कि समय पर काम पूरा न होने से जनता में निगम ओर सरकार की छवि धूमिल हो रही है. उन्होंने नाराज़गी जताते हुए कहा कि किसी भी ब्रिज पर सूचना बोर्ड तक नहीं लगाए गए. साथ ही महापौर ने आदेश दिए कि सभी साइटों पर तीन दिनों के भीतर बोर्ड लगाए जाएं.
एजेंसियों पर होगी कार्रवाई
आयुक्त शिवम वर्मा भी एजेंसियों के कार्य पर ध्यान नहीं देने पर नाराज हुए. उन्होंने कहा कि निर्देशों का पालन न होने पर तथा नागरिकों को असुविधा होने पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. मेट्रो कार्पोरेशन को जल्दी सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए
