
मंडला। जिले के मंडला डिठौरी मार्ग में किसानों ने सोमवार को दो घंटे चक्काजाम किया। किसान मोर्चा पदाधिकारी ने बताया कि नैनपुर के पठार क्षेत्र डिठौरी और पाठा सिहोरा के आसपास के करीब 50 गांव सिंचाई सुविधा से वंचित हैं। थांवर नदी का पानी थांवर जलाशय में जाता है। इस पानी से दूर के गांवों में सिंचाई की सुविधा है, लेकिन उनके क्षेत्र में नहीं है। किसानों का कहना है कि पहले भी उन्होंने पानी की मांग की थी, तब सरकार ने पानी की कमी का हवाला दिया था, लेकिन अब सरकार ने लिफ्ट इरिगेशन से 50 किलोमीटर दूर तक पानी पहुंचाने की योजना शुरू कर दी है। पानी के लिए प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बरगी जलाशय से अपने क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा देने की मांग की है। शाम को नैनपुर तहसीलदार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
जानकारी अनुसार डिठौरी ग्राम में पिंडरई मंडला मुख्य सड़क मार्ग में करीब दो घंटे जाम लगा रहा। सड़क के बीच में बैठे किसान थांवर जलाशय नहर से सिंचाई के पानी की मांग कर रहे थे। करीब दो घंटे मार्ग अवरुद्ध रहा। प्रदर्शन के बाद अपनी मांगो से संबंधित ज्ञापन दिया गया। प्रदर्शन कर रहे किसानों को समझाने स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जहां किसानों को उनकी समस्या निराकरण का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद किसानों ने अपना प्रदर्शन स्थगित कर दिया।
