रोहित ने एक ही स्थान पर खेलने के लाभ के दावे को किया खारिज

दुबई, 03 मार्च (वार्ता) भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने सोमवार को इस बात को खारिज किया कि उनकी टीम को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के अपने सभी मैच एक ही स्थान पर खेलने की अनुमति से अनुचित लाभ मिला है।

रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंगलवार को होने वाले सेमीफाइनल मैच की पूर्व संध्या पर कहा, “चार या पांच पिचों का उपयोग किया जा रहा है और प्रत्येक की अपनी विशेषताएं हैं।”

उन्होंने कहा, “पिचें एक जैसी दिख सकती हैं, लेकिन उनका व्यवहार अलग होता है। आप यह नहीं मान सकते कि कल एक पिच पर खेलने से आज की पिच भी वैसी ही होगी। यह हमारा घर नहीं है, यह दुबई है। हम यहां इतने मैच नहीं खेलते। यह हमारे लिए भी नया है।”

उन्होंने कहा, “ जो तीन मैच हमने खेले हैं उसमें सतह का स्वभाव तो एक जैसा ही था, लेकिन सभी मैचों में पिच का व्यवहार अलग था। न्यूजीलैंड के खिलाफ हमने देखा कि तेज गेंदबाजो को सीम और स्विंग मिली जो हमें पिछले दो मैचों में पहले गेंदबाजी करते हुए नहीं देखने को मिला था। शाम में थोड़ी ठंडक होती है तो गेंद के स्विंग होने की संभावना रहती है।”

सेमीफाइनल की पिच को लेकर रोहित ने कहा, “हमें नहीं पता कि किस पिच का उपयोग किया जाएगा, लेकिन जो भी हो, हमें जल्दी से अनुकूलन करना होगा।”

रोहित ने अक्षर पटेल को लेकर कहा, “इंग्लैंड सीरीज की शुरुआत में हमने अक्षर को स्पष्ट रूप बता दिया गया था कि चाहे कोई भी परिस्थिति क्यों न हो, वह पांच नंबर पर ही बल्लेबाजी करेगा। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में उसने अपनी बल्लेबाजी पर बेहद काम किया है और उसका सुधार देखना शानदार रहा है।”

Next Post

दुनिया भर में 2024 में 14 महिला पत्रकार समेत 122 मीडिया पेशेवरों की हुई हत्या

Mon Mar 3 , 2025
ब्रसेल्स 03 मार्च (वार्ता) इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (आईएफजे) ने पत्रकारों और मीडिया कर्मचारियों की हत्या पर अपनी 34वीं वार्षिक रिपोर्ट सोमवार को प्रकाशित की है, जिसमें वर्ष 2024 में दुनिया भर में 14 महिला पत्रकार समेत 122 मीडिया पेशेवरों की मौतों का विवरण है। फेडरेशन ने संयुक्त राष्ट्र के […]

You May Like