भक्तों के गुलाब से महाकाल सवारी पर होगी पुष्प वर्षा सिंधिया करेंगे पालकी आज पूजन

उज्जैन: भूत भावन बाबा महाकाल की आज अंतिम सवारी निकलेगी ,जिसे राजसी सवारी का नाम दिया गया है. इसमें बाबा की पालकी पर ड्रोन के माध्यम से पुष्प बरसाए जाएंगे. इसके लिए एक नवाचार यह भी किया गया है कि आम श्रद्धालु और भक्तजन अपनी ओर से गुलाब काउंटर पर भेंट कर सकते हैं, यही गुलाब पुष्प महाकाल पर बरसेंगे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शाम 7.30 बजे गोपाल मंदिर पहुंचेंगे और परंपरागत महाकाल की पालकी का पूजन करेंगे.

बाबा महाकाल की राजसी सवारी इस बार और भी भव्य होगी,यह छटी और अंतिम सवारी है, भगवान महाकाल की सवारी पर इस बार परंपरागत रूप से सामान्य पुष्प वर्षा के अलावा, ड्रोन से भी फूलों की बारिश की जाएगी। यह अपनी तरह का पहला और अनूठा प्रयोग होगा, जो सवारी को और भी आकर्षक बना देगा.

गुलाब के पुष्प जमा करने के लिए काउंटर स्थापित
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने इस अनूठी पहल में भक्तों को भी शामिल होने का अवसर दिया है. जो भी भक्त बाबा महाकाल पर पुष्प वर्षा के लिए गुलाब के फूल देना चाहते हैं, वे मंदिर से लेकर फ्रीगंज तक बने गुलाब काउंटर पर अपने फूल जमा करा सकते हैं.

7 से 12 बजे तक जमा होंगे पुष्प
जिला कलेक्टर रोशन कुमार सिंह महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष है, नवभारत से चर्चा में उन्होंने बताया कि सुबह 7 से 12 बजे तक गुलाब के पुष्प विभिन्न काउंटरों पर जमा कराए जा सकते हैं. इसके लिए आम श्रद्धालु कोई भी भक्त अपनी ओर से कितने भी पुष्प दे सकता है. 12 बजे के बाद सभी पुष्पों को एकत्रित कर ड्रोन में डाला जाएगा और जब वह महाकाल की पालकी मार्ग पर भक्तों को दर्शन देने के लिए आएगी तो यही पुष्प ड्रोन के माध्यम से बाबा महाकाल पर बरसाए जाएंगे.

भव्य होगा सवारी का मार्ग
इस बार सवारी का मार्ग और भी शानदार तरीक¸े से सजाया जा रहा है. पूरे रास्ते में भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे वे बाबा महाकाल के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त कर सकें. इस भव्य और ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए लगभग 10 लाख श्रद्धालु सवारी में आएंगे ऐसी अपेक्षा मंदिर प्रशासन ने की है.

यहां बनेंगे काउंटर
महाकाल मंदिर के अवंतिका द्वार से लेकर महाकाल लोक, त्रिवेणी संग्रहालय, नीलकंठ द्वार एवं बड़ा गणेश मंदिर के सामने गुलाब के पुष्प जमा करने के लिए काउंटर बनाएं जाएंगे, सुबह 7 बजे से यह काउंटर प्रारंभ हो जाएंगे जो दोपहर 12 बजे तक चलेंगे इसी तरह फ्रीगंज के टावर चौक, शहीद पार्क, प्रियदर्शनी चौराहा, मालीपुरा, कंठाल चौराहा, इंदौर गेट छत्री चौक, देवास गेट पर आपको काउंटर की सुविधा दिखाई देगी जहां पर पुष्प जमा करके आप पूर्ण प्राप्त कर सकते हैं.

Next Post

स्कूल संचालक की लग्जरी कार ले गए चोर

Mon Aug 18 , 2025
जबलपुर: संजीवनी नगर थाना अंतर्गत नवनिवेश कॉलोनी गंगानगर में रहने वाले स्कूल संचालक की लग्जरी कार घर के बाहर से चोरी हो गई। पुलिस प्रकरण दर्ज कर पतासाजी कर रही है। साथ ही सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।पुलिस के मुताबिक शैलेन्द्र सिंह 42 वर्ष निवासी नवनिवेश कॉलोनी गंगानगर […]

You May Like