
धार। धार जिले में परीक्षा केंद्र में परीक्षा के दौरान एक छात्रा के प्रसव व नवजात को जन्म देने के मामले में समय रहते वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना नहीं देने पर विभागीय कार्यवाही शुरु हो गई है।
जिले की औद्योगिक नगरी पीथमपुर में 10वीं बोर्ड की परीक्षा देने पहुंची छात्रा ने वाशरुम में बच्चे को जन्म दिया था। इस प्रकरण में जनजाति विभाग धार के सहायक आयुक्त द्वारा शासकीय कन्या स्कूल पीथमपुर की प्राचार्य कल्पना भार्गव और परीक्षा केंद्र के सहायक केंद्राध्यक्ष मुकेश परमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नोटिस में पूछा गया है कि आपके विद्यालय की छात्रा और केंद्र की परीक्षार्थी के इस कृत्य से जिला स्तर पर विभाग की छवि धूमिल हुई है। साथ ही, यह भी पूछा गया है कि इस संबंध में वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार जानकारी क्यों नहीं भेजी गई। प्राचार्य से पूछा गया कि उनके संस्था प्रधान होने के नाते छात्राओं के स्वास्थ्य संबंधी सूचना एवं वस्तुस्थिति की जानकारी उन्हें रहना थी और इसके बारे में वरिष्ठ कार्यालय को सूचना दी जाना चाहिए थी। वहीं सहायक केंद्राध्यक्ष से पूछा कि मंडल की बोर्ड परीक्षा अत्यावश्यक सेवाओं में आती हैं। इस घटना की जानकारी से उन्हें तत्काल वरिष्ठ कार्यालय को अवगत करवाना चाहिए था।
दरअसल पीथमपुर के सेंट जॉर्ज उमावि में 10वीं की बोर्ड परीक्षा के दौरान नाबालिग छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया। घटना मंगलवार को गणित के पेपर के दौरान की है। छात्रा सामान्य रूप से परीक्षा हॉल में बैठकर प्रश्नपत्र हल कर रही थी। इसी दौरान शौचालय जाने की अनुमति लेकर बाहर निकली। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब स्कूल स्टाफ ने जाकर देखा, तो वहां छात्रा ने बच्चे को जन्म दे दिया था। स्कूल मैनेजमेंट ने बिना देरी किए 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने छात्रा और नवजात को तुरंत पीथमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
परीक्षा केंद्र प्रभारी नरेंद्र कुमार पोथे ने बताया कि मंगलवार को 17 वर्षीय छात्रा गणित का पेपर देते समय शौचालय गई थी। लगभग 15 मिनट तक वापस न लौटने पर एक महिला कर्मचारी को उसे देखने भेजा गया। बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। भीतर से बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी।
इधर बेटमा थाना प्रभारी मीणा कर्णावत ने बताया कि पीथमपुर में परीक्षा केंद्र में नाबालिग छात्रा पुत्र को जन्म देने वाले मामले में बताए गए आरोपी की तलाश में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाशी जारी है। वो फिलहाल जीवन ज्योति कालोनी में किराए के कमरे में रहता था और अभी उसके घर पर ताला लगा हैं । पुलिस कथित आरोपी की सघन तलाशी कर रही है।
