बठिंडा 12 जून (वार्ता ) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ईमानदार और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है और वर्ष 2027 में वह दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे।
बठिंडा नगर निगम चुनाव में पार्टी की शानदार जीत के बाद शुक्रवार को आयोजित विशाल रोड शो को संबोधित करते हुए श्री केजरीवाल ने कहा कि चार वर्षों के शासन के दौरान श्री भगवंत मान और उनकी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के इतिहास में जितने भी मुख्यमंत्री रहे, उन पर किसी न किसी प्रकार के भ्रष्टाचार के आरोप लगे, लेकिन श्री भगवंत मान के खिलाफ “एक पैसे” के भ्रष्टाचार का भी आरोप नहीं लगा।
श्री केजरीवाल ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री या उनके मंत्रियों पर कोई भी आरोप होता तो केंद्र सरकार की एजेंसियां रोजाना ईडी और सीबीआई की कार्रवाई करतीं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ क्योंकि सरकार पूरी तरह पारदर्शी तरीके से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में चार तरह की पार्टियां हैं। एक “चिट्टा-बेअदबी पार्टी”, दूसरी “झगड़ा पार्टी”, तीसरी “ईडी पार्टी” और चौथी आम आदमी पार्टी, जो जनता की पार्टी है और लोगों के लिए काम करती है।
नगर निगम चुनाव में मिली जीत के लिए बठिंडा के लोगों का धन्यवाद करते हुए श्री केजरीवाल ने कहा कि यह जनादेश आम आदमी पार्टी सरकार के कामकाज पर जनता की स्वीकृति की मुहर है। उन्होंने दावा किया कि रोड शो के दौरान लोगों के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी सरकार के प्रति संतोष का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता का पैसा बचाकर बिजली मुफ्त की, स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाएं लागू कीं और महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की दिशा में कदम उठाए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अभी से जुटने का आह्वान किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि हालिया स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल ने एकजुट होकर आम आदमी पार्टी को रोकने की कोशिश की, लेकिन पंजाब की जागरूक जनता ने तीनों दलों को नकारते हुए “झाड़ू” के पक्ष में मतदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक राजनीतिक दल इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रहे कि एक साधारण परिवार से आया व्यक्ति पंजाब का नेतृत्व कर रहा है और ईमानदारी से सरकार चला रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों तक इन दलों ने लोगों को झूठे वादों और प्रचार के जरिए गुमराह किया, लेकिन अब पंजाब के लोग सच्चाई को पहचान चुके हैं।
श्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य में करदाताओं का पैसा अब विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण योजनाओं पर खर्च हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है और 67 हजार से अधिक युवाओं को बिना किसी रिश्वत और सिफारिश के सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि पंजाब की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और राज्य सरकार किसानों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों को अपनी जरूरत के अनुसार नहरों का पानी उपलब्ध कराया जाएगा और सिंचाई के लिए पानी की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्यभर में नहर नेटवर्क को पुनर्जीवित किया है और कई ऐसे क्षेत्रों तक नहरी पानी पहुंचाया है जहां पिछले तीन दशकों से पानी नहीं पहुंच रहा था। इससे भूजल पर निर्भरता कम होगी और जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब को समृद्ध, प्रगतिशील और खुशहाल बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।
