
जबलपुर। कैंट क्षेत्र के विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि पुस्तक मेले का उद्देश्य अभिभावकों पर शिक्षा का आर्थिक बोझ कम करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि इस आयोजन से खर्च आधा भी घटता है, तो इसकी सार्थकता सिद्ध होगी। गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक परिसर में आयोजित 12 दिवसीय पुस्तक मेले के चौथे दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे। अवकाश के चलते मेला दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ और खरीदारी का उत्साह देखने को मिला।
सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। विधायक रोहाणी ने माँ सरस्वती की पूजा और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
‘बुक बैंक’ के लिए पुस्तकों का दान
विधायक रोहाणी ने घोषणा की कि वे इस वर्ष भी ‘बुक बैंक’ के लिए अधिक संख्या में पुस्तकें दान करेंगे, जिससे जरूरतमंद विद्यार्थियों को लाभ मिल सके। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने बताया कि मेले में पाठ्य-पुस्तकों, यूनिफॉर्म, स्टेशनरी के साथ 5 फूड स्टॉल भी लगाए गए हैं, जिससे परिवार के साथ आने वालों को सुविधा मिल रही है।
रविवार को भी जारी रहेगा मेला
25 मार्च से 5 अप्रैल तक चलने वाला यह पुस्तक मेला रविवार को भी दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
