पुलिस प्रताड़ना के आरोपों के बीच युवक की आत्महत्या से मचा हड़कंप

सुसाइड नोट ने खोली सच्चाई? घटना से लोगों के बीच भड़का आक्रोश
सतना:मैहर जिले में पुलिस की कथित प्रताड़ना से जुड़ा एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। पुलिस कार्रवाई से आहत एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने चार पन्नों का सुसाइड नोट और एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उसने एक पुलिसकर्मी सहित चार लोगों पर ब्लैकमेलिंग, झूठे मामलों में फंसाने और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतक युवक की पहचान अनंतराम पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले अनंतराम पटेल ने फेसबुक स्टेटस के माध्यम से अपना चार पन्नों का सुसाइड नोट और एक वीडियो सार्वजनिक किया। सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि वह लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रहा था और इसी कारण यह कदम उठाने को मजबूर हुआ।

ब्लैकमेल कर 5 लाख रुपये वसूलने का आरोप
सुसाइड नोट में मृतक ने आरोप लगाया है कि चार लोगों ने मिलकर उसे ब्लैकमेल किया और झूठे आपराधिक मामलों में फँसाने की धमकी दी। आरोप है कि इन लोगों ने उससे करीब 5 लाख रुपये की अवैध वसूली की। मृतक का कहना है कि जब उसने इसकी शिकायत करने की कोशिश की, तो उल्टा उसे ही और अधिक परेशान किया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली, जवाबदेही और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें जांच पर टिकी हैं कि सुसाइड नोट में लगाए गए आरोप कितने तथ्यात्मक हैं और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।

सुबह पेड़ पर लटका मिला शव
परिजनों के अनुसार, घटना से एक रात पहले पुलिस अनंतराम पटेल को अपने साथ थाने लेकर गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। अगली सुबह उसका शव सड़क किनारे स्थित कदम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सख्त कार्रवाई की मांग
शव मिलने की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
निष्पक्ष जांच का आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। सुसाइड नोट, वायरल वीडियो और परिजनों के आरोपों को जांच का हिस्सा बनाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी

Next Post

तमिलनाडु ड्रैगन्स ने एसजी पाइपर्स को शूटाआउट में 5-4 से हराया

Sat Jan 10 , 2026
चेन्नई, (वार्ता) अकॉर्ड तमिलनाडु ड्रैगन्स ने शुक्रवार को पुरुष हीरो हॉकी इंडिया लीग मुकाबले में एसजी पाइपर्स को शूटआउट में हराकर एक महत्वपूर्ण बोनस अंक हासिल किया। आज यहां खेले गये मुकाबले में निर्धारित समय में स्कोर 4-4 से बराबर रहने के बाद शूटआउट में मैच का फैसला हुआ। ड्रैगन्स […]

You May Like