विदिशा। शहर के परिपूर्ण विकास और जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर विदिशा नगर पालिका के पार्षदों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के पार्षदों ने एकजुट होकर विदिशा की जीवनदायनी बेतवा नदी में जल सत्याग्रह किया। पार्षद पिछले 33 दिनों से नीमताल चौराहे पर धरने पर बैठे हुए हैं।
पार्षदों का कहना है कि वे किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि केवल विदिशा के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इससे पहले भी नगर पालिका के विरोध में पार्षदों द्वारा अर्थी निकालकर प्रदर्शन किया जा चुका है।
नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस पार्षद आशीष माहेश्वरी ने कहा कि बेतवा मैया की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को कुछ दिखाई नहीं दे रहा। पार्षद प्रतिनिधि जमुना कुशवाहा ने बताया कि कर घाट नाले और सीवेज का दूषित पानी बेतवा नदी में मिल रहा है, जिससे विदिशा की जनता गंदा पानी पीने को मजबूर है।
पार्षद प्रतिनिधि धर्मेंद्र सक्सेना ने कहा कि विधायक द्वारा दिए गए आश्वासन पूरे नहीं हुए हैं, इसलिए मांगें पूरी होने तक आंदोलन और जल सत्याग्रह जारी रहेगा।
